श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाएं तय समयसीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते के तहत प्रदेशवासियों को कृषि, पेयजल और उद्योगों के लिए दीर्घकालिक जल समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
रास्ता खोलो अभियान को मिलेगी गति
समीक्षा बैठक में "रास्ता खोलो अभियान" की भी प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री पटेल ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि आम रास्तों का चिह्निकरण कर मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। जिन रास्तों पर अतिक्रमण है, उन्हें संबंधित विभागों के समन्वय से मुक्त कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जो रास्ते जनता के उपयोग में हैं लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में अंकित नहीं हैं, उन्हें विधिवत दर्ज किया जाए। ऐसे कटानी रास्तों पर मनरेगा के तहत सड़क निर्माण करवाया जाएगा और उनका नामकरण भी किया जाएगा।
ग्रीष्म ऋतु में जलापूर्ति बनी प्राथमिकता
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश देते हुए श्री पटेल ने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन और पशुधन के लिए पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने टैंकर आपूर्ति की प्रभावी मॉनिटरिंग पर बल दिया और यह भी स्पष्ट किया कि राइजिंग लाइन में किसी प्रकार के अवैध कनेक्शन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाए।
सड़कें हों सुगम, झाड़ियाँ हों दूर
पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि जिन सड़क मार्गों पर झाड़ियों या अन्य बाधाओं के कारण यातायात अवरुद्ध है, वहां सघन सफाई अभियान चलाकर आवागमन को सुचारू बनाया जाए।