Tranding
Tuesday, October 14, 2025

24JT News Desk / Udaipur /June 4, 2025

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह राजधानी जयपुर में 'रन फॉर एनवायरमेंट' का भव्य आयोजन किया गया। हल्की-फुल्की बारिश के बीच भी पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का यह संदेशवाहक कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह दौड़ अल्बर्ट हॉल से प्रारंभ होकर गांधी सर्किल तक गई और पुनः अल्बर्ट हॉल पर समाप्त हुई।

"रिमझिम फुहारों के बीच 'रन फॉर एनवायरमेंट' का जोशपूर्ण आगाज़" | Photo Source : DIPR
राजस्थान / रिमझिम फुहारों के बीच 'रन फॉर एनवायरमेंट' का जोशपूर्ण आगाज़, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

इस पर्यावरण रैली को राज्य के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और जल, वायु तथा भूमि को प्रदूषण मुक्त रखने के संकल्प का आह्वान किया।

मंत्री श्री शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान राजकीय चिड़ियाघर में पौधारोपण भी किया और लोगों से ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही भावी पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे सकता है।

कार्यक्रम में जयपुर रनर्स क्लब, स्काउट-गाइड, एनसीसी, पुलिस, होमगार्ड, पर्यावरण व वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और लगभग 1200 प्रतिभागी शामिल हुए। रैली की व्यवस्था के तहत पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड भी सतर्कता से तैनात रहे।

विशेष बात यह रही कि आयोजन में पर्यावरणीय सतर्कता को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक की जगह मिट्टी के कुल्हड़ों में पेयजल की व्यवस्था की गई।

इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हैड ऑफ फोरेस्ट फोर्स) श्री अरिजीत बनर्जी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) श्री पवन कुमार उपाध्याय, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सुश्री शिखा मेहरा, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव श्री शारदा प्रताप सिंह सहित मंडल व विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

'रन फॉर एनवायरमेंट' ने न सिर्फ दौड़ते कदमों से संदेश दिया, बल्कि हर कदम पर प्रकृति से जुड़ाव का अहसास भी कराया।




Subscribe

Trending

24 Jobraa Times

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.