मुख्यमंत्री शुक्रवार को मानस भवन में आयोजित स्व. शालिगराम तोमर स्मृति राष्ट्र सेवी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। नवलय संस्था की ओर से इस वर्ष वरिष्ठ समाजसेवी सदाशिव देवधर (पुणे) और अरविंद मोघे को राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. तोमर ने सीमित संसाधनों से संगठनात्मक कार्य की शुरुआत कर उसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया। उनके आदर्शों और कार्यशैली से प्रेरित होकर हजारों युवाओं ने सामाजिक नेतृत्व का मार्ग चुना। उन्होंने सम्मानित समाजसेवियों को बधाई देते हुए नवलय संस्था के इस सम्मान को प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्व. शालिगराम तोमर का सामाजिक कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और सहयोग में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने उनके जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए। सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक पांडे, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ से आए डॉ. विमल चोपड़ा ने भी स्व. तोमर के व्यक्तित्व एवं योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने सदाशिव देवधर एवं अरविंद मोघे को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, शॉल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी शशिभाई सेठ, विभीषण सिंह, लोकतंत्र सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।