Tranding
Sunday, August 3, 2025

24JT News Desk / Udaipur /August 3, 2025

राजसमंद जिले के देवथड़ी गांव स्थित भैरुनाथ नर्सरी में रविवार को प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा ने दौरा किया और पर्यावरण प्रेमी श्री नारायण लाल कुमावत के प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने नर्सरी में चल रहे वृक्षारोपण और जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन किया और इन्हें पर्यावरण के लिए अनुकरणीय बताया।

"राजसमंद: भैरुनाथ नर्सरी पहुंचे वन मंत्री, पर्यावरण कार्यों की खुले दिल से सराहना" | Photo Source : DIPR
राजस्थान / राजसमंद: भैरुनाथ नर्सरी पहुंचे वन मंत्री, पर्यावरण कार्यों की खुले दिल से सराहना

श्री कुमावत ने जानकारी दी कि वे पिछले 25 वर्षों से सरकारी भूमि पर अपने निजी खर्च से पर्यावरण संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। अब तक उन्होंने 1 लाख 58 हजार पेड़ लगाए हैं, जिनमें से अधिकांश हरे-भरे और जीवित हैं। वर्ष 2025 के लिए उनका लक्ष्य 50 हजार नए पौधे लगाने का है, जिसमें से लगभग आधे पौधे रोपे जा चुके हैं।

पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ श्री कुमावत ने जल संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने क्षेत्र में 15 छोटे तालाब (पॉन्ड) बनवाए हैं, जिनसे स्थानीय जलस्तर में सुधार हो रहा है। इसके अलावा, वन्य जीवों के लिए जलस्रोत (वॉटर बॉडी) और 600 मिट्टी के परिंदे लगाए गए हैं जिनमें लगातार पानी की व्यवस्था रहती है। वन्य जीवों के आहार के लिए फलीदार वृक्षों का रोपण भी किया गया है।

इस मौके पर वन मंत्री श्री शर्मा ने भैरव नाथ मंदिर में दर्शन किए और परिसर में पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि "ऐसे समर्पित नागरिक हमारे लिए प्रेरणा हैं और सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी।"

इस अवसर पर कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, सीसीएफ सेडुराम यादव, उप वन संरक्षक कस्तूरी प्रशांत सुले सहित कई गणमान्य अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Subscribe

Tranding

24 JobraaTimes

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.