वाणिज्य संकाय के इस पहल के लिए सुखड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो बी पी सारस्वत तथा एनईपी नोडल अधिकारी प्रो के.बी. जोशी ने शुभकामनायें प्रेषित की।
विमोचन समारोह में वाणिज्य संकाय के चेयरमैन तथा डीन प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत ने इस अवसर पर बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अंतर्गत राजस्थान में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल की गई है।मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने पहली बार कॉमर्स विषय में कंप्यूटर आधारित प्रैक्टिकल परीक्षा लागू की है। यह कदम शिक्षा को आधुनिक और व्यावहारिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर प्रैक्टिसिंग चार्टर्ड अकाउंटेंट आनंद गर्ग, डॉ (सीए)अभय जारोली,, एसोसिएट डीन डॉ शिल्पा वर्डिया, व्यवसायिक प्रशासन के इंचार्ज हेड डॉ देवेन्द्र श्रीमाली संकाय सदस्य डॉ पारुल दशोंरा, डॉ पुष्पराज मीणा, गवर्नमेंट कॉलेज नाथद्वारा के असिस्टेंट प्रोफेसर सीए हेमंत कडूनिया, एवं गवर्नमेंट कॉलेज खेरवाड़ा के डॉ दुर्गा सिंह गौड़ साक्षी बने। राजस्थान ही नहीं पूरे देश में यह प्रैक्टिकल कोर्स प्रारंभ करने वाला पहला विश्विद्यालय बना।
नई प्रणाली को लागू करने के दौरान कई चुनौतियाँ सामने आईं। इनमें पाठ्यक्रम सामग्री की कमी, आधारभूत संरचना कंप्यूटर एवं सॉफ्टवेयर सुविधा की कमी, शिक्षकों के प्रशिक्षण की आवश्यकता, परीक्षा पैटर्न की अस्पष्टता और प्रश्नपत्र निर्माण की कठिनाइयाँ प्रमुख थीं। इन चुनौतियों का समाधान खोजने के वाणिज्य संकाय के चेयरमैन प्रो भाणावत् ने फैकल्टी के शिक्षकों हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। प्रशिक्षण के बाद पाठ्यक्रम की समीक्षा बैठक बुलाई गई, जिसमें संबद्ध सरकारी और निजी कॉलेजों के सभी संकाय सदस्यों को आमंत्रित किया गया। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद यह निष्कर्ष निकला कि प्रामाणिक और व्यवस्थित पाठ्य सामग्री की अत्यधिक आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से प्रैक्टिकल पेपर के लिए वर्कबुक तैयार करने और लॉन्च करने का निर्णय लिया गया। यह वर्कबुक न केवल पाठ्यक्रम सामग्री को स्पष्ट करेगी बल्कि प्रश्नपत्र निर्माण, परीक्षा पैटर्न और शिक्षकों व विद्यार्थियों दोनों के लिए अभ्यास में भी सहायक होगी। वर्कबुक निर्माण में विशेषज्ञों सीए (डॉ.) हेमंत कडुनिया सहायक आचार्य, राजकीय SMB कॉलेज, नाथद्वारा, डॉ. दुर्गा सिंह गौड, सहायक आचार्य, राजकीय कन्या महाविद्यालय, खेड़वाड़ा तथा
डॉ प्रियंका जैन विजिटिंग फैकल्टी कॉमर्स कॉलेज का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
प्रैक्टिकल फाइनेंशियल अकाउंटिंग लैब वर्कबुक, प्रैक्टिकल बिजनेस स्टैटिस्टिक्स लैब वर्कबुक तथा प्रैक्टिकल जीएसटी वर्कबुक का पीडीएफ विद्यार्थियों तथा अध्यापकों के लिए मोहनलाल सुखड़िया विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर उपलब्ध है । इसके अतिरिक्त अन्य विषयों की वर्कबुक भी शीघ्र ही तैयार की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ना और शिक्षकों को परीक्षा की नई पद्धति के अनुरूप तैयार करना है।
डीन प्रो भाणावत् ने कहा कि यह प्रयास न केवल शिक्षकों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा बल्कि विद्यार्थियों को भी कॉमर्स विषयों की गहन समझ और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस प्रकार की पहल राजस्थान में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा स्थापित करेगी और भविष्य में अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।