Tranding
Sunday, July 26, 2026

24 NEWS JOBRAA TIMES / Udaipur /June 28, 2026

प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 से 27 जून तक सभी जिलों में मुख्यालय के जिला प्रभारियों के दलों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग, फायर एवं इलेक्ट्रिकल ऑडिट, एम्बुलेंस सेवाओं, स्वास्थ्य भवनों की स्थिति तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन का विस्तृत जायजा लिया गया।

"प्रदेशभर की स्वास्थ्य सेवाओं की तीन दिवसीय समीक्षा, दवाइयों और प्रोटोकॉल पालन पर सरकार सख्त" | Source: DIPR
राजस्थान / प्रदेशभर की स्वास्थ्य सेवाओं की तीन दिवसीय समीक्षा, दवाइयों और प्रोटोकॉल पालन पर सरकार सख्त

निरीक्षण के बाद प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने शनिवार को स्वास्थ्य भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) तथा जिला प्रभारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अस्पतालों की मरम्मत संबंधी आवश्यकताओं तथा कमजोर स्वास्थ्य सूचकांकों वाले जिलों की चुनौतियों पर विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन का उपयोग नहीं किया जाए तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। अस्पतालों के फैसिलिटी इंचार्ज नियमित रूप से व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करें, जबकि सीएमएचओ लगातार मॉनिटरिंग कर अस्पतालों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। प्राथमिकता वाले मामलों को जिला कलक्टर के संज्ञान में लाने के भी निर्देश दिए गए।

प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि प्रदेशवासियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य से लेकर ब्लॉक स्तर तक सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ की उपलब्धता, बंद पड़े उपकरणों को शीघ्र चालू कराने, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता तथा अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रकाशित समाचारों की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि मीडिया में उठाए गए प्रत्येक मुद्दे का तत्काल परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य संस्थानों में मिलने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने 10 जुलाई 2026 तक प्रदेश में 104 जननी एक्सप्रेस सेवा के 600 एम्बुलेंस वाहनों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में टेकओवर किए जा चुके वाहनों की शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करने को कहा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने निर्देश दिए कि वर्तमान सेवा प्रदाता से हैंडओवर-टेकओवर की प्रक्रिया 29 जून तक पूरी कर ली जाए। उन्होंने अनुपयोगी 104 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंसों के स्थान पर किराये के वाहनों की व्यवस्था करने तथा खराब एवं निष्क्रिय वाहनों की सूची मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर, मुख्यालय के जिला प्रभारी, सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe

Trending

24 Jobraa Times

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.