24 NEWS JOBRAA TIMES
/
Udaipur
/June 27, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शाजापुर और शुजालपुर क्षेत्र आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया के साथ-साथ भोपाल मेट्रोपॉलिटन एरिया से जुड़ने का लाभ भी इस क्षेत्र को मिलेगा, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।
"दो मेट्रोपॉलिटन एरिया से जुड़ेगा शुजालपुर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मुख्यमंत्री" | Source: DPR (MP)
मध्य प्रदेश
/
दो मेट्रोपॉलिटन एरिया से जुड़ेगा शुजालपुर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शुक्रवार को शुजालपुर में नवीन शासकीय विधि महाविद्यालय की स्वीकृति तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न निर्णयों के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के नेतृत्व में आए नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेश केवट भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुजालपुर को शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। विधि महाविद्यालय की स्वीकृति के साथ अन्य विषयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वीकृत बड़ी परियोजनाओं से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजना से पूरे शाजापुर जिले को व्यापक लाभ मिलेगा।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश गेहूं उत्पादन और समर्थन मूल्य पर खरीद के मामले में अग्रणी राज्य है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ दुग्ध व्यवसाय को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने शुजालपुर में हेलीपैड और स्टेडियम निर्माण के साथ भोपाल-मंदसौर नए हाईवे के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का शुजालपुर से विशेष लगाव रहा है और क्षेत्र को मिली विकास परियोजनाओं के लिए जनता ने उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।