Tranding
Saturday, June 27, 2026

24 NEWS JOBRAA TIMES / Udaipur /June 27, 2026

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। विधायक कोष से करीब 16 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

"विधानसभा अध्यक्ष ने 16 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शुभारंभ" Source: DIPR
राजस्थान / अजमेर के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : देवनानी | विधानसभा अध्यक्ष ने 16 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

इस अवसर पर उन्होंने सोनी मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती के पीछे नाली निर्माण तथा ऊसरी गेट स्थित रामायण मंडल मार्ग के सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था और यातायात सुविधा में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं, जो आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच को भी सशक्त बनाती हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

देवनानी ने कहा कि शहर में सड़क निर्माण और कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में गांधी भवन में आधुनिक बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरणीय संतुलन के अनुरूप लेपर्ड सफारी विकसित की जा रही है तथा ऐतिहासिक तारागढ़ के विकास पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने बताया कि शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन नए रिजर्वायर सहित विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है। इन योजनाओं से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होने के साथ जल निकासी व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी।

चिकित्सा सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में मरीजों की सुविधा के लिए 24 घंटे हेल्प डेस्क संचालित की जा रही है। मरीजों के परिजनों को स्वाभिमान भोज योजना के तहत एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक तथा कोटड़ा क्षेत्र में 50 बिस्तरों वाले सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण भी प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि शहर की सौंदर्य वृद्धि के लिए हाईमास्ट लाइट, आकर्षक प्रवेश द्वार तथा अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य अजमेर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से समृद्ध शहर के रूप में विकसित करना है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe

Trending

24 Jobraa Times

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.