कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि निरोगी काया ही सबसे बड़ा सुख है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब युवा स्वस्थ होंगे, तभी देश स्वस्थ और सशक्त बनेगा। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने एपेक्स हॉस्पिटल एवं कम्यूनिटी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परहित से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। समाज सेवा में समर्पित लोगों को हमेशा स्मरण किया जाता है और ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा देते हैं।
कम्यूनिटी वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक श्री राजकुमार किराडू ने स्वागत उद्बोधन में संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसाइटी पिछले दस वर्षों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री राम गोपाल सुथार, शिक्षाविद श्री नारायण व्यास, श्री गुमान सिंह राजपुरोहित, कम्यूनिटी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री कन्हैया लाल भाटी एवं श्री विजय आचार्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कम्यूनिटी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल का अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री ने चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं में जुटे चिकित्सकों एवं कर्मियों का उत्साहवर्धन किया।